# स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिवसेना राज्य प्रमुख गौरव कुमार सम्मानित
**देहरादून।** राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय में आयोजित एक सम्मान समारोह में स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए शिवसेना के राज्य प्रमुख गौरव कुमार को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्य, दून मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. बिष्ट तथा राजकीय दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने गौरव कुमार को सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके सामाजिक सरोकारों और रक्तदान जागरूकता अभियान में योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर गौरव कुमार ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को, किसी भी समय पड़ सकती है। ऐसे में समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
गौरव कुमार ने युवाओं से विशेष रूप से स्वैच्छिक रक्तदान अभियान में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्तदान से न केवल जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।
कार्यक्रम में मनोज सरीन, मनमोहन साहनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस दौरान रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।


