25.6 C
Dehradun
Tuesday, October 13, 2026
Homeउत्तराखंडभाजपा महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा ने एससी एवं युवा मोर्चा प्रदेश पदाधिकारियों...

भाजपा महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा ने एससी एवं युवा मोर्चा प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली

उपलब्धियों और समरसता संदेश के साथ तीसरी बार भाजपा सरकार के लिए काम करें : महामंत्री संगठन

देहरादून 12 अक्तूबर। भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन ने अनुसूचित एवं युवा मोर्चा को सरकार के जनकल्याणकारी कामों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन जन में स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हम सबको बूथ संरचना को मजबूत करते हुए देश समाज निर्माण की अनवरत यात्रा में योगदान देना है। जिसमें चुनाव भी एक पड़ाव है और एक राजनैतिक कार्यकर्ता के नाते हमे लगातार तीसरी बार जनविश्वास जीतने की दृष्टि से भी कार्य करना होगा।

पार्टी प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश महामंत्री संगठन श्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक समरसता, जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अनुसूचित जाति समाज के सर्वांगीण सशक्तीकरण को लेकर विस्तार से चर्चा की। जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना तथा जरूरतमंद व्यक्ति को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा अनुसूचित जाति समाज के शैक्षिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित हो सकता है, जब पात्र व्यक्तियों को उनकी जानकारी मिले और उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया में उचित मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचकर लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करें। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए।
श्री शर्मा ने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ता केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को समझें, जरूरतमंद परिवारों से संवाद स्थापित करें और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों तक उनकी बात पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाकर समाज के युवाओं, महिलाओं तथा जरूरतमंद परिवारों को आगे बढ़ने के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए।

इसी तरह युवा मोर्चा प्रदेश पदाधिकारियों की एक अन्य महत्वपूर्ण बैठक में भी उन्होंने आह्वान किया कि युवाओं के बीच केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी सरल और उनकी ही भाषा में जन-जन तक पहुंचाएं। इसके लिए गांवों और बस्तियों में जनसंपर्क, जागरूकता कार्यक्रम, लाभार्थियों से संवाद तथा स्थानीय स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएं। साथ ही, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं के आवेदन, आवश्यक दस्तावेजों और संबंधित विभागों की जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

दोनों बैठक में संगठन की विचारधारा, नीतियों और सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान अनुसूचित जाति समाज की भागीदारी बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रदेश से लेकर जिला एवं मंडल स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

बैठकों में प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत, सरकार में राज्यमंत्री एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री बलवीर घुनियाल, प्रदेश महामंत्री श्री विनोद लक्खा, श्री दर्पण कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश भुजवाण, श्री रविंद्र वाल्मीकि, श्री विशाल बिरला, श्रीमती दीपा देवी, श्री रणजीत सिंह जाखी, श्री संजीव कुमार, श्री प्रकान्त कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img
spot_img

Most Popular

Recent Comments