देहरादून, 20 फरवरी।
देहरादून में आज भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस द्वारा कथित रूप से अराजकता फैलाने के प्रयास के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने महानगर कार्यालय से कांग्रेस मुख्यालय तक रैली निकालकर कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की तथा प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।
प्रदेश अध्यक्ष भाजयुमो विपुल मंडोली ने कहा कि देश की प्रगति और तकनीकी विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मंच पर इस प्रकार का व्यवधान लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत तकनीकी क्षेत्र में विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है और ऐसे में किसी भी प्रकार की अराजकता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में मोर्चा प्रभारी आदित्य चौहान, युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष कुलदीप पंत, महानगर प्रभारी संकेत नौटियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट, प्रगति रावत, प्रदेश मंत्री उत्कर्ष गुप्ता, शुभम सीमल्टी, आर्यन उनियाल, गिरीश भट्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी संजय तोमर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



