चीन और पाकिस्तान के संबंध पिछले कुछ सालों में काफी बेहतर हुए हैं. दोनों देशों के बीच गहराते सैन्य सहयोग की एक और मिसाल सामने आई है. दरअसल चीन ने पाकिस्तान को अब तक अपना सबसे आधुनिक युद्धपोत निर्यात किया है. वही इस डील की पुष्टि चीन के सरकारी मीडिया ने भी की है और कहा है कि ये डील चीन-पाकिस्तान की बेहतरीन रणनीतिक साझेदारी को दर्शाता है. टाइप-054 नाम के इस युद्धपोत का निर्माण चाइना स्टेटशिप बिल्डिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने कराया है.
सीएसएससी ने अपने एक बयान में कहा कि इस युद्धपोत को चीन के शंघाई में हुए एक समारोह में पाकिस्तानी नौसेना को हैंडओवर कर दिया गया था. वही पाकिस्तानी नौसेना ने चीन के अखबार ग्लोबल टाइम्स को बताया है कि चीन ऐसे 4 और युद्धपोत पाकिस्तान के लिए तैयार कर रहा है. पाकिस्तानी नेवी ने इस युद्धपोत की तारीफ की है और कहा है कि ये आधुनिक आत्मरक्षा क्षमताओं और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली से लैस है. इस बयान में ये भी कहा गया कि ये एक साथ कई नौसैनिक युद्ध अभियानों को अंजाम दे सकता है.
बता दें कि इस आधुनिक युद्धपोत को चीन के हुडोंग-जोंघुआ शिपयार्ड पर बनाया जाता है. इसे 2008 में पहली बार चीन की नौसेना में शामिल किया गया था. ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, ये युद्धपोत ना केवल अपनी व्यापक निगरानी क्षमताओं के लिए जाना जाता है बल्कि इस युद्धपोत में जमीन से जमीन, जमीन से हवा और पानी के नीचे से मिसाइल दागने की क्षमता भी है. रिपोर्ट्स के अनुसार, ये युद्धपोत किसी भी रडार से बच निकलने में सक्षम है और इसे तकनीकी रूप से सबसे आधुनिक युद्धपोतों में से एक माना जाता है.



