देहरादून: उत्तराखंड में मातृशक्ति पिछले पांच वर्षों में जितनी परेशान हुई उतनी आज़ादी के पिछले 75 वर्षों में भी परेशान नहीं हुई यह बात आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रेमनगर में ब्लॉक महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में कही। उन्होंने कहा कि भारतीय नारी और वो भी उत्तराखंड की नारी परिवार की धुरी होती है, घर , चूल्हा, बच्चे, पहाड़ों में खेत, जानवर सब कुछ महिला पर निर्भर करता है और पिछले पांच वर्षों में भाजपा सरकार ने उस महिला का घर चूल्हा जानवर खेत दब खतरे में डाल दिया। दिल्ली की भाजपा सरकार ने महिला की रसोई तबाह कर दी, अनाज दालें, खाने का तेल,सब्ज़ियां तो महंगी की ही पर चूल्हा न जले इसलिए रसोई गैस की कीमतों को आसमान पर पहुंचा दिया। धस्माना ने कहा कि पूरे पांच साल राज्य के अलग अलग हिस्सों में महिलाओं के खिलाफ हिंसा,बलात्कार व हत्या की घटनाएं घटती रही , स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में प्रसूता बहनों की व उनके नवजात बच्चों की मौत की घटनाएं राज्य में आम बात हो गयी। श्री धस्माना ने कहा कि पूरे राज्य में जनता में भाजपा के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है किंतु महिलाओं में आक्रोश के साथ साथ भाजपा को उखाड़ फेंकने का जुनून है जो कांग्रेस की रैलियों सभाओं में साफ दिखाई पड़ रहा है । धस्माना ने कहा कि इस बार राज्य में परिवर्तन के साथ साथ कैंट विधानसभा क्षेत्र में भी निश्चित रूप से परिवर्तन होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक महिला कंग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सुशीला बेलवाल शर्मा ने कहा कि इस बार प्रेमनगर में परिवर्तन की लहर चल रही है और इस बार कैंट से श्री सूर्यकांत धस्माना को विधायक बनाने की जनता ने ठानी हुई है। कार्यक्रम में प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव सुमित खन्ना, वार्ड महिला अध्यक्ष संगीता साशन , वार्ड 3 की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति चौधरी, राजेश उनियाल, रविन्द्र सिंह रैना, उदय सिंह पंवार,श्रीमती चमेली, श्रीमती सुनीता शाह श्रीमती कुलविंदर कौर समेत बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं । श्री धस्माना ने 96 महिलाओं को सदस्यता प्रमाण पत्र वितरित किये।



