पंजाब में चुनाव प्रचार से पहले शिरोमणि अकाली दल किसान नेता आमने-सामने आ गए हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल का आरोप है कि जब वह फिरोजपुर के दौरे पर थीं, उसी दौरान कुछ किसानों ने उनके काफिले को रोक लिया और हमला कर दिया. शिरोमणि अकाली दल ने इस पूरी घटना का वीडियो भी जारी किया है, जिसमें 2 प्रदर्शनकारियों को काफिले में मौजूद एक वाहन के बोनट पर बैठा दिखाया गया है. इनमें से एक किसान कथित तौर पर वाहन से गिर पड़ा और उसकी पसलियां टूट गईं. एक अन्य कथित वीडियो में प्रदर्शनकारियों को एक एसयूवी पर डंडे से हमला करते हुए दिखाया गया है. वहीं किसानों का आरोप है कि अकाली कार्यकर्ताओं ने हवा में कुछ राउंड फायरिंग की थी, जिसके बाद किसानों ने उनके काफिले को रोक लिया था.
इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित खबर के मुताबिक भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष बूटा सिंह बुर्जिल ने कहा है कि यह लखीमपुर जैसी एक और घटना थी, जिसमें शिअद के गुंडों ने किसानों को कुचलने की कोशिश की थी. इस घटना में हमारे कई कार्यकर्ता घायल हो गए हैं. हम केवल हरसिमरत कौर से सवाल पूछना चाहते थे. किसान नेता हरनेक सिंह मेहमा ने कहा कि जब हमें हरसिमरत से सवाल पूछने की अनुमति नहीं दी गई, तब भी युवा अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने 2-3 किसानों की पिटाई की.



