लखनऊ।उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान होने के साथ ही आठ जनवरी से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।मुख्य चुनाव आयुक्त ने रैली, रो -शो, नुक्कड़ सभा आदि आयोजन पर 23 जनवरी तक प्रतिबंधित कर दिया है। राजनीतिक पार्टियों से डिजिटल प्रचार करने के लिए कहा गया है। प्रदेश में सियासी पार्टियों ने डिजिटल प्रचार में ऐड़ी से लेकर चोटी तक ताकत लगा दी है। इसी कड़ी में सत्ताधारी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में कई गीत रिलीज हो चुके हैं। इनमें से एक गाना है, मंदिर अब बनने लगा है, भगवा रंग चढ़ने लगा है, ये बहुत वायरल हो रहा है।
मंदिर अब बनने लगा है,भगवा रंग चढ़ने लगा है,गाने को भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कन्हैया मित्तल के साथ मिलकर गाया है।इस गाने को शुभम शर्मा ने लिखा है और संगीत कैलाश श्रीवास्तव और सौरभ कोली का है।भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी इस गाने को ट्वीट किया है।
इस गाने के जरिए बताया गया है कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है।भाजपा ने इस गाने के जरिए हिंदू वोटरों को साधने का प्रयास किया है और बताने का ये भी प्रयास है कि भाजपा सरकार में ही राम मंदिर का निर्माण हो सकता है।गाने की अगली लाइन ‘मंदिर जब बन जाएगा सोच नजारा क्या होगा’ के जरिए यह बताने का प्रयास किया गया है कि जब भगवान राम का भव्य मंदिर तैयार होगा तो लाखों श्रद्धालु दर्शन करने के लिए अयोध्या आएंगे, जिससे पर्यटन का विकास होगा।
काशी अब सजने लगा है, डमरू भी बजने लगा है, डमरू जब असर करेगा, सोच नजारा क्या होगा’ इसके जरिए काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता पर प्रकाश डाला गया है,जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 दिसंबर को किया था।
मथुरा भी सजने लगी है,बंशी अब बजने लगी है, बंशी जब बज जाएगी, सोच नजारा क्या होगा’ इसके जरिए भाजपा ने ये संकेत दिया है कि उसका अगला एजेंडा श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर होगा।
यूपी चुनाव में श्रीलंकाई कनेक्शन,सुरों की जंग के बीच भाजपा का प्रचार गीत वायरल
आपको बता दें कि भाजपा की तरफ से अभी तक सोशल मीडिया पर कई गाने रिलीज हो चुके हैं।इसमें गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन का ‘यूपी में सब बा’ और दिनेश लाल सिंह निरहुआ का ‘आएंगे फिर योगी ही’ शामिल है।इसके साथ ही, एक गाना और वायरल हो रहा है, जो श्रीलंका के एक गाने की तर्ज पर बनाया गया है।इसके बोल हैं, यूपी में पूरे किये वादे,सब गाए सब के मन की है भाषा, यहां दोनों हैं आशा,यहीं मोदी,यहीं योगी, यहीं उपयोगी,सर्वयोगी,आएगी बीजेपी ही।
आपको बता दें कि भाजपा राष्ट्रवाद और हिंदुत्व के मुद्दे पर ही विधानसभा चुनाव लड़ेगी और हिंदू वोटरों को अपने पाले में बरकरार रखना चाहती है।ये गाना इसी दिशा में किया गया एक प्रयास है। इस गाने का चुनाव में भाजपा को कितना फायदा होगा ये तो 10 मार्च को ही पता चलेगा।



