सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल बोले—प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर टिप्पणी करना राजनीतिक मर्यादाओं के विरुद्ध
देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के पिता के संदर्भ में की गई कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में आज भाजपा महानगर देहरादून के कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बयान की कड़ी निंदा की।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के खिलाफ कांग्रेस का राजनीतिक विरोध किसी से छिपा नहीं है, लेकिन राजनीतिक विरोध की भी एक मर्यादा होती है। देश के प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को लेकर इस प्रकार की टिप्पणी करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतंत्र में सरकार की नीतियों और कार्यों की आलोचना करने का अधिकार सभी को है, लेकिन व्यक्तिगत और पारिवारिक टिप्पणियों के माध्यम से राजनीतिक संवाद का स्तर गिराना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को अपने बयानों की गंभीरता समझनी चाहिए और सार्वजनिक जीवन में भाषा की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अपना जीवन राष्ट्रसेवा और देश के विकास के लिए समर्पित किया है। उनके कार्यों का विरोध तथ्यों और नीतियों के आधार पर किया जाना चाहिए, न कि उनके परिवार को निशाना बनाकर।
सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सम्मान और राजनीतिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस नेतृत्व को इस प्रकार की टिप्पणियों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और सार्वजनिक संवाद में शालीनता का परिचय देना चाहिए।
पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा महानगर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने कांग्रेस नेतृत्व के बयान के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।


