देहरादून। मंगलवार तड़के हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी बस पुल से अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई। टिहरी जिले की पावकीदेवी उप तहसील क्षेत्रांतर्गत ऋषिकेश-कीर्तिनगर नेशनल हाईवे पर गूलर में यह हादसा हुआ। बस में सवार 9 यात्रियों की इस दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हैं। मृतकों में बस के चालक व परिचालक भी शामिल हैं।घायलों को ऋषिकेश स्थित एम्स और शांति प्रपन्न शर्मा राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घायलों में उत्तराखंड के अतिरिक्त झारखंड, बिहार, असम, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बंगाल और मध्य प्रदेश के यात्री शामिल हैं। टिहरी की डीएम नितिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनीटरिंग की। बाद में ऋषिकेश एम्स पहुंचकर उन्होंने घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों को उनके बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार, चौकी गूलर के माध्यम से तड़के 4:50 बजे थाना मुनि की रेती को सूचना प्राप्त हुई कि एक बस गूलर पुल से गूलर गाड (नदी) में गिर गई है। उक्त सूचना पर थाना मुनि की रेती, थाना नरेंद्र नगर, आपदा राहत दल फायर सर्विस नरेंद्र नगर और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंची। शिवपुरी स्थित कैंप से आइटीबीपी की यूनिट भी मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए 108 के साथ ही स्थानीय अस्पतालों, निजी अस्पतालों, एलएंडटी और नवयुग कंपनी की एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल से त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 घायलों को तत्काल एम्स अस्पताल ऋषिकेश भिजवाया गया। देहरादून प्रशासन के अनुसार, एम्स लिए गये घायलों में से दो ने दम तोड़ दिया। इसके अतिरिक्त 7 लोगों की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।
विश्वनाथ सेवा की बस (UK09PA-9779) 34 व्यक्तियों को हरिद्वार से लेकर जोशीमठ जा रही थी। उक्त बस तड़के 3:15 बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए निकली, जिसे चालक राजेंद्र सिंह पुत्र कुंदन सिंह निवासी क्यूरी पोखरी रुद्रप्रयाग चला रहा था। बस कुछ देर ऋषिकेश में रुकी, जहां अन्य यात्री इसमें सवार हुए। कुछ देर रुकने के बाद पुनः गंतव्य के लिए चली बस प्रातः 4:50 बजे के लगभग ऋषिकेश से करीब 20 किलोमीटर आगे गूलर पुल से करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड (नदी) में गिर गई। दुर्घटना स्थल से पीड़ित व्यक्तियों के सामान को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी गूलर पर रखवाया गया है।
टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही शिवपुरी, ब्यासी व गूलर चौकी और मुनिकीरेती व नरेंद्र नगर थाने से पुलिस फोर्स के साथ ही फायर सर्विस की टीम को मौके पर एक्टिवेट किया गया। जिस जगह हादसा हुआ, वहां तीव्र मोड़ है। दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है।
गूलर बस दुर्घटना में मृतकों की सूची
1-पन्नू पुत्र श्री घुंघरू उम्र लगभग 55 वर्ष निवासी मेखण्दी पौड़ी गढ़वाल
2- अनुज भंडारी (परिचालक) उम्र लगभग 23 वर्ष निवासी ग्राम बडल भवानी शिवपुरी टिहरी गढ़वाल
3- राज राय पुत्र श्री द्वारिका नाथ राय निवासी दक्षिण नजीर पर खारला जलपाईगुड़ी पश्चिम बंगाल
4- दीपक गुप्ता उम्र लगभग 50 वर्ष निवासी मध्य प्रदेश
5- राजेंद्र सिंह (ड्राइवर) उम्र लगभग 55 वर्ष पोखरी रुद्रप्रयाग
6- विक्की पुत्र श्री सेवाराम उम्र लगभग 37 वर्ष निवासी मकान नंबर 309 पावर हाउस चंदौसी संभल उत्तर प्रदेश
7- सुशील प्रताप सिलोडी पुत्र श्री ब्रह्मानंद सिलोडी उम्र 55 वर्ष
8- विकास गुप्ता निवासी मध्य प्रदेश पता अज्ञात
9- रोहित कश्यप निवासी चंदौसी संभल उत्तर प्रदेश


