राज्य आंदोलनकारी सुनीता देवी के प्रार्थनापत्र पर मुख्यमंत्री धामी को कांग्रेस उपाध्यक्ष ने लिखा पत्र
देहरादून : उत्तराखंड राज्य निर्माण में जिन आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदानों की बदौलत राज्य निर्माण हुआ अगर उनको आंदोलनकारी होने का सम्मान प्राप्त करने के लिए दर दर भटकना पड़ेगा तो वास्तव में यह पूरे राजनैतिक तंत्र के लिए शर्म की बात है यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को राज्य आंदोलनकारी श्रीमती सुनीता देवी के प्रर्थनापत्र को मुख्यमंत्री को कार्यवाही के लिए अग्रसारित करते हुए अपने पत्र में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने लिखा है।
विदित हो कि श्रीमती सुनीता देवी जिन्होंने वर्ष 1994 से राज्य बनने तक राज्य निर्माण के लिए चले उत्तराखंड संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले सैकडों बार जुलूस प्रदर्शन धरना व जेल भरो में भागीदारी की अपने को राज्य आंदोलनकारी घोषित करवाने के लिए नेताओं अधिकारियों के चक्कर लगा लगा कर असफल होने पर कल अपने वृद्ध व बीमार पति तेग सिंह के साथ कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना के पास अपना प्रर्थनापत्र लेकर उनके ईसी रोड स्थित कार्यालय में पहुंची। सुनीता देवी ने धस्माना को अपनी पूरी व्यथा सुनाई और कहा कि उत्तराखंड बन गया 23 साल हो गए 10 मुख्यमंत्री बन गए दर्जनों मंत्री बन गए सैकड़ों विधायक बन गए हज़ारों दर्जाधारी बन गए लेकिन हम आज भी भटक रहे हैं इस बात के लिए कि हमने जो राज्य के लिए संघर्ष किया उसका एक प्रमाणपत्र तो मिल जाये सरकार से। अपनी बात कहते हुए सुनीता देवी कई बार भावुक हो गयी तो उनके पति ने उनको ढांढस बंधाया कि धस्माना जी कुछ अवश्य करेंगे। श्रीमती सुनीता देवी ने अपने प्रर्थनापत्र के साथ अपनी धरने पर बैठी हुई तस्वीर व अनेक चिन्हित आंदोलनकारियों का प्रमाण पत्र जिसमें श्रीमती सुनीता देवी के आंदोलन में शामिल रहने की पुष्टि की गई है धस्माना को सौंपा। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष धस्माना ने श्रीमती सुनीता देवी को आश्वासन दिया कि वे इस संबंध में मुख्यमंत्री श्री धामी को पत्र लिखेंगे व उनसे मिल कर भी उनको आंदोलनकारी का सम्मान दिलवाएंगे।
धस्माना ने पत्र के बारे में प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को लिखे पत्र में यह भी बताया कि राज्य आंदोलनकारी चिन्हिकरण के लिए बनी समिति की लंबे समय से बैठक नहीं हुई और 31 दिसंबर 2021 तक के चार सौ से ज्यादा प्रर्थनापत्र अभी निस्तारित नहीं हुए। कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री धामी से मांग करी है कि चिन्हिकरण समिति में कुछ ऐसे अवकाश प्राप्त अधिकारियों को नामित किया जाय जो राज्य आंदोलन के दौरान राज्य में प्रशाशनिक अधिकारी के रूप में तैनात रहे हों क्योंकि तत्कालीन परिस्तिथियों से वे अवगत रहे हैं।
धस्माना ने कहा कि वे इस संबंध में मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात कर श्रीमती सुनीता देवी व अन्य लंबित मामलों में वार्ता करेंगे।