Homeउत्तराखंडहरित विकास से आवासीय योजनाओं तक, एमडीडीए ने बढ़ाई काम की रफ्तार
spot_img

हरित विकास से आवासीय योजनाओं तक, एमडीडीए ने बढ़ाई काम की रफ्तार

# सीएम धामी के विजन को एमडीडीए ने दी रफ्तार, बंशीधर तिवारी एक्शन मोड में: हरियाली भी, विकास भी, अवैध निर्माण पर सख्ती भी

## सिटी फॉरेस्ट, कालसी घाट, आमवाला तरला और धौलास आवासीय परियोजनाओं का मैराथन निरीक्षण

## प्रधानमंत्री मोदी के ‘सूर्य घर’ और हरित ऊर्जा अभियान को बढ़ावा, सिटी फॉरेस्ट का सोलर प्लांट बना मिसाल

**देहरादून।** मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और नियोजित शहरी विकास के विजन को धरातल पर उतारने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने विकास कार्यों की रफ्तार तेज कर दी है। बुधवार को एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता, समयबद्धता तथा जनहित से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान हरित विकास, स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक शहरी सुविधाओं, आवासीय योजनाओं की प्रगति और अवैध निर्माणों के विरुद्ध चल रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।

## सिटी फॉरेस्ट बनेगा प्रकृति, पर्यटन और आधुनिक सुविधाओं का केंद्र

सहस्त्रधारा रोड स्थित सिटी फॉरेस्ट पार्क का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने इसे उत्तराखंड के सबसे आकर्षक शहरी पार्कों में विकसित करने की कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने पुराने ट्री हाउस के नवीनीकरण, पैदल मार्गों के दोनों ओर बारहमासी फूलों के रोपण, नदी किनारे मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए बांस के पौधों की श्रृंखला विकसित करने, लोटस फाउंटेन और भारत माता मंदिर के निर्माण संबंधी कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पार्क में स्थापित 120 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र बिजली खर्च में लगभग 90 प्रतिशत तक की बचत कर रहा है। इसे हरित ऊर्जा और आत्मनिर्भर ऊर्जा प्रबंधन का सफल मॉडल माना जा रहा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सूर्य घर’ अभियान की भावना को भी मजबूती प्रदान करता है।

## जुलाई से आमवाला तरला आवासीय योजना में शुरू होगा आवंटन

रिकॉर्ड समय में विकसित की गई आमवाला तरला आवासीय योजना का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलाई माह से लाभार्थियों को आवासों का कब्जा सौंपने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।

इस दौरान उन्होंने परिसर में पौधारोपण किया और छायादार तथा फलदार वृक्षों की संख्या बढ़ाने पर बल दिया। साथ ही खुली पार्किंग को कवर करने और संपूर्ण परिसर की ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सके।

## कूड़े को संसाधन में बदलने की दिशा में नई पहल

सहस्त्रधारा रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने वहां एकत्रित ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन और पुनः उपयोग की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजना के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कर कचरा प्रबंधन की दीर्घकालिक रणनीति तैयार करने पर जोर दिया। उद्देश्य कचरे को समस्या नहीं बल्कि संसाधन के रूप में विकसित करना है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक उपयोगिता भी सुनिश्चित की जा सके।

## जुलाई में होगा कालसी घाट का लोकार्पण

यमुना नदी तट पर विकसित किए जा रहे कालसी घाट का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाट पर मजबूत सुरक्षा चेन लगाने, आसपास व्यापक पौधारोपण करने तथा क्षेत्र को हरित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जुलाई तक सभी शेष कार्य पूर्ण कर लोकार्पण की तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।

## प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को जल्द मिलेगी सौगात

धौलास में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने बताया कि 15 में से 10 टावरों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।

उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुके टावरों में 30 जुलाई से लाभार्थियों को कब्जा सौंपने की प्रक्रिया हर हाल में शुरू की जाए। इससे सैकड़ों परिवारों के अपने घर का सपना साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

## “हर परियोजना तय समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी होगी” : बंशीधर तिवारी

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्राधिकरण केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा, आधुनिक शहरी सुविधाओं और सुनियोजित विकास के नए मानक स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सिटी फॉरेस्ट, कालसी घाट, आवासीय योजनाएं और अन्य विकास परियोजनाएं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित की जा रही हैं। साथ ही अवैध प्लॉटिंग और अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की नियमविरुद्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

## “जनहित, गुणवत्ता और नियोजित विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता” : मोहन सिंह बर्निया

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण की सभी विकास परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और प्रत्येक कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आवासीय योजनाओं में जल निकासी, पार्किंग, हरित क्षेत्र और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाया जा रहा है ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन गुणवत्ता उपलब्ध हो सके। साथ ही अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखते हुए नियोजित और संतुलित विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Most Popular

Recent Comments