Homeउत्तराखंड15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
spot_img

15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

# उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को मिली गति, 98 प्रतिशत गणना फार्म वितरित, 12 प्रतिशत हुए डिजिटाइज

## अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रेस वार्ता में दी एसआईआर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी

**देहरादून।** उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची अद्यतन करने का कार्य तेजी से जारी है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बुधवार को सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि प्रदेश में अब तक 98 प्रतिशत गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 12 प्रतिशत गणना फार्मों का डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि चंपावत, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चमोली, पिथौरागढ़ और पौड़ी गढ़वाल जनपदों में 99 प्रतिशत से अधिक गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं। वहीं देहरादून में लगभग 95 प्रतिशत, नैनीताल में 96 प्रतिशत तथा टिहरी गढ़वाल में 97 प्रतिशत गणना फार्मों का वितरण किया जा चुका है।

## डिजिटाइजेशन में अल्मोड़ा सबसे आगे

डॉ. जोगदंडे ने बताया कि गणना फार्मों के डिजिटाइजेशन में अल्मोड़ा जनपद 33 प्रतिशत के साथ प्रथम स्थान पर है। इसके बाद पौड़ी गढ़वाल 25 प्रतिशत और पिथौरागढ़ 23 प्रतिशत के साथ अग्रणी जिलों में शामिल हैं।

वहीं नैनीताल में 4 प्रतिशत, देहरादून में 7 प्रतिशत तथा ऊधमसिंह नगर में लगभग 8 प्रतिशत गणना फार्म ही डिजिटाइज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी जिलाधिकारियों और निर्वाचन अधिकारियों को अभियान को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

## 22,900 बूथ लेवल एजेंट किए गए तैनात

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश की सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों द्वारा 22,900 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए जा चुके हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 18 जून को मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

## 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

डॉ. जोगदंडे ने बताया कि 7 जुलाई तक गणना फार्मों के वितरण एवं संकलन का कार्य पूरा किया जाएगा। इसके बाद एक सप्ताह के भीतर मतदान केंद्रों एवं बूथों का पुनर्गठन किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार:

* **14 जुलाई 2026** को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
* **14 जुलाई से 13 अगस्त 2026** तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।
* **14 जुलाई से 11 सितंबर 2026** तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
* **15 सितंबर 2026** को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

## ईसीआई नेट ऐप से स्वयं भर सकते हैं गणना फार्म

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ईसीआई नेट (ECI Net) ऐप के माध्यम से अपना गणना फार्म ऑनलाइन भर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर भी उपलब्ध कराया है। इस सुविधा के माध्यम से मतदाता एक क्लिक पर अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क स्थापित कर सकते हैं।

मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर अथवा ECI Net मोबाइल ऐप डाउनलोड कर कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद संबंधित बीएलओ दो दिनों के भीतर मतदाता से संपर्क करेगा।

## 2003 की मतदाता सूची ऑनलाइन उपलब्ध

डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।

मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र, नाम, पिता अथवा पति के नाम के आधार पर मतदाता क्रमांक और बूथ संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त गली, मोहल्ला और क्षेत्र के नाम के आधार पर भी मतदाता सूची में नाम खोजने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Most Popular

Recent Comments