Homeउत्तराखंडयोग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं : धामी
spot_img

योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं : धामी

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व मुख्यमंत्री ने किया योगाभ्यास, नियमित योग अपनाने का किया आह्वान

देहरादून। 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार बताते हुए सभी से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ है। आज योग दुनिया भर में शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में स्वीकार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं है, बल्कि यह मानसिक संतुलन, आत्मानुशासन, सकारात्मक सोच और बेहतर जीवनशैली विकसित करने का प्रभावी माध्यम भी है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान और आत्मविश्वास से परिपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में व्यस्त जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक क्षमता में वृद्धि होती है, बल्कि मानसिक एकाग्रता और कार्यक्षमता भी बेहतर होती है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न योग कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और योग को जन-जन तक पहुंचाने में अपना योगदान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड और स्वस्थ भारत के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Most Popular

Recent Comments