लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में इस्लामाबाद के मतदाता अपना वोट डालने और जनप्रतिनिधि चुनने के लिए बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।ये पाकिस्तान का इस्लामाबाद नहीं बिजनौर जिले में एक गांव है। इस्लामाबाद बरहापुर विधानसभा क्षेत्र में है। यहां 14 फरवरी को वोटिंग होगी।
देश का पड़ोसी देश पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के नाम का गांव बिजनौर जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर की दूरी पर है।यहां लगभग दस हजार की आबादी है।आजादी के लगभग 75 साल बाद भी इस्लामाबाद नाम यहां के लोगों को असहज नहीं करता है।यहां के लोग अपने गांव का नाम खुशी-खुशी लेते हैं और इस पर नाज करते हैं।
इस्लामाबाद गांव के बारे में गांव की प्रधान सर्वेश देवी के पति विजेंद्र सिंह का कहना है कि मुझे नहीं पता कि इस गांव का नाम इस्लामाबाद कैसे पड़ा,लेकिन मैं यह नाम बचपन से सुन रहा हूं और ये नाम मेरे परदादा के जमाने से है।
विजेंद्र सिंह का कहना है कि गांव का नाम पड़ोसी देश की राजधानी इस्लामाबाद के नाम से मिलता-जुलता है।इस्लामाबाद होने पर कभी ग्रामीणों में भय या असुरक्षा की भावना पैदा नहीं हुई। उन्होंने कहा कि हमारे दिमाग में भी ऐसा विचार कभी नहीं आया, गांव का यह नाम बना रहेगा।
विजेंद्र सिंह ने कहा कि गांव जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर की दूर है।गांव की आबादी 10,000 है जिनमें से 4700 मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि गांव के बुजुर्गों ने भी कभी गांव का नाम बदलने के बारे में नहीं सोचा था और न ही इस संबंध में कभी कोई आवेदन दिया गया।
ग्राम प्रधान 46 वर्षीय सर्वेश देवी ने कहा कि गांव के जो युवा जिला मुख्यालय या किसी अन्य स्थान पर काम के लिए जाते हैं,उनको कभी भी गांव के नाम को लेकर किसी तरह की दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा।गांव में चौहान, प्रजापति और मुस्लिम रहते हैं और सभी लोग शांतिपूर्वक रहते हैं।गांव में मुसलमानों की आबादी 300-400 है। गांव के लोग गन्ना, गेहूं, धान और मूंगफली सहित अन्य की खेती करते हैं।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारी विजेंद्र सिंह ने कहा कि तीन कृषि कानूनों के विरोध में यहां के लोग विरोध करने प्रदर्शन में गए थे और विरोध करने वाले किसानों को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि यहां चुनाव में मुकाबला भाजपा, सपा और बसपा के बीच है।गांव के लोग विकास के लिए वोट करेंगे।मुख्य सड़कों की हालत ठीक है, लेकिन गांव के अंदर कच्चे रास्ते हैं उन्हें पक्का बनाने की जरूरत है।गांव में लड़कियों की पढ़ाई के लिए इंटर कॉलेज की आवश्यकता है।
इस्लामाबाद गांव के ही रहने वाले 28 वर्षीय अधिवक्ता आदित्य प्रजापति का कहना है कि हमने कभी भी इस्लामाबाद के नाम के बारे में अपने दिमाग में किसी भी तरह की हीन भावना नहीं आने दी और न ही ऐसा कुछ सोचा। हां ऐसे कुछ उदाहरण हैं,जब लोगों ने विस्मय के अंदाज में पूछा कि अरे तुम पाकिस्तान से हो, लेकिन बात इससे आगे नहीं बढ़ी। गांव के जो युवक काम के लिए बाहर जाते हैं और अपनी जीविका को चलाने के लिए कमाते हैं,उन्हें कभी कोई परेशानी नहीं हुई।
इस्लामाबाद के रहने वाले तीस वर्षीय ऑनलाइन व्यापारी मोहम्मद सलमान ने का कहना है हम पिछली कई पीढ़ियों से इस गांव में रह रहे हैं।इस्लामाबाद गांव हमारे दिल के बहुत करीब है,और गांव के सभी निवासी बहुत सकारात्मक तरीके से इसका नाम लेते हैं।
भाजपा के वर्तमान विधायक और बरहापुर विधानसभा क्षेत्र से
प्रत्याशी कुंवर सुशांत कुमार सिंह कहते हैं कि गांव के नाम को लेकर कोई समस्या नहीं है।बरहापुर से सपा प्रत्याशी कपिल कुमार का कहना है कि इस्लामाबाद के नाम से कभी डर और चिंता की भावना पैदा नहीं हुई और न ही कोई हीन भावना पैदा हुई है।गांव के लोगों ने भी कभी इस नाम को बदलने की मांग नहीं की।गांव के नाम में कोई समस्या नहीं है। यह नाम आजादी के पहले से है।
आपको बता दें कि उत्तर उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2017 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज, फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या और मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर दीनदयाल उपाध्याय नगर कर दिया गया।कई शहरों का नाम बदलने के लिए क्षेत्रीय विधायकों और नागरिकों ने अर्जी भी लगाई है।



