20.3 C
Dehradun
Wednesday, March 11, 2026


Homeउत्तराखंडवोकल फॉर लोकल को नई गति देने के लिए ग्रामसभा और निकाय...
spot_img

वोकल फॉर लोकल को नई गति देने के लिए ग्रामसभा और निकाय स्तर तक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जीएसटी की नई दरों और स्वदेशी अभियान को लेकर की जनप्रतिनिधियों से समीक्षा बैठक, 22 से 29 सितंबर तक चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

देहरादून, 21 सितम्बर।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के मंत्रीगणों, विधायकगणों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से संवाद कर जीएसटी की नई दरों तथा स्वदेशी अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 सितम्बर से लागू होने जा रही नई जीएसटी दरें देश के व्यापारिक और उपभोक्ता हितों के लिए ऐतिहासिक हैं। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई कर दरों से प्रदेश की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी, खासकर “वोकल फॉर लोकल” और “लोकल टू ग्लोबल” जैसे अभियानों को नई ऊर्जा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड, जीआई टैग प्राप्त 27 उत्पाद और “एक जनपद दो उत्पाद” योजना को इससे लाभ मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की परिकल्पना को बल मिलेगा।

22 से 29 सितम्बर तक चलाया जाएगा जनजागरूकता अभियान

मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे 22 से 29 सितम्बर तक अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करें। इस दौरान कैबिनेट मंत्री अपने-अपने जनपदों में और विधायकगण अपनी विधानसभाओं में इस अभियान का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल प्रचार तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ग्राम सभाओं, नगर निकायों और शहरी क्षेत्रों में बैठकों का आयोजन कर लोगों को सरल भाषा में नई दरों की जानकारी दी जाए। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, सांस्कृतिक माध्यमों और सोशल मीडिया जैसे प्लेटफॉर्म का उपयोग कर जन-जागरूकता को प्रभावशाली तरीके से फैलाया जाए।

उद्योग विभाग को विशेष जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग को निर्देश दिए कि जीआई टैग वाले उत्पादों और एक जनपद दो उत्पाद योजना को बाज़ारोन्मुख और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने हेतु ठोस रणनीति तैयार की जाए। साथ ही, सभी विभागों एवं निकायों को इस अभियान को मिशन मोड में चलाने के लिए सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

व्यापार में पारदर्शिता और सुगमता को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई दरों से न केवल उपभोक्ताओं और उत्पादकों को लाभ मिलेगा, बल्कि व्यापार प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुगमता आएगी। छोटे उद्यमी भी अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ सकेंगे।

बैठक में शामिल रहे जनप्रतिनिधि और मंत्रीगण

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, श्रीमती रेखा आर्य, श्री सुबोध उनियाल सहित अनेक विधायकगण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने नई जीएसटी दरों के लाभों की विस्तृत जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि देश और प्रदेश की आर्थिक समृद्धि में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है, और यह अभियान जनआंदोलन का रूप लेकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत कदम होगा।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Most Popular

Recent Comments