Homeउत्तराखंडसैन्य धाम से संबंधित शेष कार्य अगले 15 दिनों के भीतर पूर्ण...

सैन्य धाम से संबंधित शेष कार्य अगले 15 दिनों के भीतर पूर्ण किया जाए -सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी

देहरादून 24 सितम्बर। बृहस्पतिवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून के हाथीबड़कला स्थित कैम्प कार्यालय में सैनिक कल्याण विभाग की समीक्षा की।

सैनिक कल्याण मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सैन्य धाम से संबंधित जो भी कार्य अभी शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर अगले 15 दिनों के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सैन्य धाम उत्तराखण्ड के वीर सैनिकों, शहीदों और उनके परिजनों के सम्मान एवं गौरव का प्रतीक है, इसलिए इसके लोकार्पण से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण की जाएं। मंत्री ने बताया कि सैन्यधाम के लोकार्पण के अवसर पर प्रदेश के दोनों मण्डलों से ‘सैन्यधाम यात्रा’ निकाली जाएगी। कुमाऊं मण्डल में यात्रा का शुभारम्भ सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला से तथा गढ़वाल मण्डल में माणा से किया जाएगा। दोनों यात्राएं विभिन्न पड़ावों से होते हुए सैन्य धाम पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं के माध्यम से प्रदेश के वीर सैनिकों और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही युवाओं में राष्ट्रसेवा एवं सैन्य परंपरा के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत किया जाएगा।

सैनिक कल्याण मंत्री ने बैठक में प्रदेश के समस्त सैनिक विश्राम गृहों के जीर्णाेद्धार के लिए ₹15 करोड़ की अनुपूरक धनराशि उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सैनिक विश्राम गृहों के जीर्णाेद्धार एवं आवश्यक सुविधाओं के कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए। कहा कि उत्तराखण्ड को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि के रूप में भी जाना जाता है। प्रदेश के हजारों परिवारों का भारतीय सेना से गौरवपूर्ण जुड़ाव रहा है। सैन्यधाम के माध्यम से उत्तराखण्ड के वीर सैनिकों और शहीदों की वीरगाथाओं, त्याग एवं बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।

बैठक में सैनिक कल्याण विभाग के सचिव युगल किशोर पंत, निदेशक बिग्रेडियर डीएस बसेड़ा (सेनि), उपनल के एमडी बिग्रेडियर जेएनएस बिष्ट (सेनि) सहित सैनिक कल्याण, उपनल एवं पेयजल निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img
spot_img

Most Popular

Recent Comments