Homeउत्तराखंडयुवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री धामी
spot_img

युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री धामी

# प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत उत्तराखंड को मिली बड़ी सौगात

## 6 हजार कर्मचारियों और 900 से अधिक नियोक्ताओं को मिली ₹24 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि

## युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी पूंजी : मुख्यमंत्री धामी

**देहरादून।** प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत शुक्रवार को मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में आयोजित प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग करते हुए योजना के लाभार्थी कर्मचारियों और नियोक्ताओं को सम्मानित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में आयोजित कार्यक्रमों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए 15 लाख से अधिक युवाओं एवं श्रमिकों को लगभग ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि वितरित की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना केवल एक रोजगार कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में इस योजना के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों से जुड़े लगभग 6 हजार कर्मचारियों और 900 से अधिक नियोक्ताओं को ₹24 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की जा रही है।

## पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को विशेष प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत पहली बार रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को ₹15 हजार तक की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। वहीं, रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए नियोक्ताओं को प्रत्येक अतिरिक्त कर्मचारी पर चार वर्षों तक ₹3 हजार प्रतिमाह तक की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ-साथ उद्योगों और संस्थानों को भी नए अवसर प्रदान कर रही है।

## युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं की प्रतिभा, नवाचार, परिश्रम और संकल्प ही विकसित भारत के निर्माण का आधार हैं। यदि युवाओं को सही अवसर और मंच मिले तो भारत पुनः विश्व पटल पर अग्रणी राष्ट्र के रूप में स्थापित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, फिट इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

## उत्तराखंड में रोजगार और निवेश को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर और रोजगारपरक बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य विकास योजना के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 30 से अधिक नीतियां लागू की गई हैं। इनमें औद्योगिक नीति, लॉजिस्टिक नीति, स्टार्टअप नीति और एमएसएमई नीति प्रमुख हैं।

## ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के परिणाम दिखने लगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से राज्य को ₹3.56 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से ₹1 लाख करोड़ से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि काशीपुर में अरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, पंतनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क तथा रुद्रपुर, सेलाकुई और हरिद्वार में प्लग एंड प्ले मॉडल पर फ्लैटेड फैक्ट्रियों जैसी परियोजनाएं राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति दे रही हैं।

## रोजगार के क्षेत्र में रिकॉर्ड उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम रोजगार के क्षेत्र में भी दिखाई दे रहा है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं, जबकि राज्य की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है तथा प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया है।

## युवाओं से अवसरों का सृजन करने का आह्वान

मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल अवसरों की प्रतीक्षा न करें, बल्कि अपने कौशल, प्रतिभा और नवाचार के बल पर नए अवसरों का सृजन करें।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड के युवा अपने परिश्रम, समर्पण और नवाचार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काउ, विधायक सविता कपूर, आयुक्त भविष्य निधि संगठन सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Most Popular

Recent Comments