मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईटी पार्क, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय मानसून पूर्व मॉक ड्रिल में अधिकारियों को प्रभावी आपदा प्रबंधन के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे संवेदनशील राज्य में आपदा प्रबंधन केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आपदा प्रबंधन तंत्र की क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में एआई आधारित अर्ली वार्निंग सिस्टम, डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम, ड्रोन सर्विलांस, जीआईएस मैपिंग, सैटेलाइट मॉनिटरिंग तथा डेटा आधारित जोखिम आकलन जैसी आधुनिक तकनीकों को आपदा प्रबंधन से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल स्रोत संरक्षण, ग्लेशियर अध्ययन, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आपदा के बाद राहत पहुंचाना नहीं, बल्कि आपदा जोखिम को न्यूनतम करना, जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उत्तराखण्ड को देश का सबसे तकनीक-सक्षम एवं जनभागीदारी आधारित आपदा प्रबंधन मॉडल बनाना है।
इस अवसर पर उपस्थित रहे:
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक
आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला
लेफ्टिनेंट कर्नल (से.नि.) रघुवीर सिंह भण्डारी
सचिव विनोद कुमार सुमन
गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप
आईजी अग्निशमन विम्मी सचदेव
अपर सचिव प्रकाश चंद्र
अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं डीआईजी राजकुमार नेगी
संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा
एसडीएमपी तथा डीडीएमपी का विमोचन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन योजना तथा राज्य के सभी 13 जनपदों की जिला आपदा प्रबंधन योजनाओं का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एसडीएमपी राज्य स्तर पर आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी, पूर्व चेतावनी, राहत, बचाव, पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण के लिए सभी विभागों की भूमिका, दायित्व एवं समन्वय व्यवस्था निर्धारित करती है।
उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन
मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ एवं अग्निशमन विभाग द्वारा लगाए गए आधुनिक राहत एवं बचाव उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
एसईओसी से मॉक ड्रिल की निगरानी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र (एसईओसी) से करीब सवा घंटे तक राज्य स्तरीय मानसून मॉक ड्रिल की लाइव निगरानी की।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों में तैनात इंसीडेंट कमांडरों से सीधे संवाद कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।
सूखे एवं जर्जर पेड़ों को काटने के निर्देश
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
उन्होंने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से दिशा-निर्देश जारी करने के निर्देश दिए।


