Homeउत्तराखंडखुरपिया फॉर्म में महिला का शव मिलने से सनसनी, मौत के कारणों...
spot_img

खुरपिया फॉर्म में महिला का शव मिलने से सनसनी, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

लालकुआं। नैनीताल अंतर्गत लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बेरीपड़ाव रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुनसान स्थान पर शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान 50 वर्षीय सुनीता पत्नी स्वर्गीय संतपाल निवासी गोलागेट बेरीपड़ाव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ बेरीपड़ाव क्षेत्र में रह रही थी। परिवार में उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों का विवाह हो चुका है।

जानकारी के मुताबिक सुनीता मंगलवार शाम से घर से लापता थी। परिजन देर रात तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। बुधवार सुबह खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान सुनीता के रूप में की। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन राणा, हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, जबकि साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच के दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ कर जरूरी जानकारी एकत्र की गई।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img

Most Popular

Recent Comments